भोपाल में पुलिस ने विजय मेवाड़ा की हत्या के आरोपियों का एनकाउंटर और घर गिराने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों को लाठियां चलाकर खदेड़ा। भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में रेस्टोरेंट कारोबारी की बेरहमी से हत्या करने वाले मुख्य आरोपित आसिफ उर्फ बम को पुलिस ने बुधवार को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। केरवा के घने जंगलों में छिपे आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर हमला कर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके पैर पर गोली मारकर उसे दबोच लिया। बता दें कि रविवार-सोमवार की दरमियानी रात हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आसिफ उर्फ बम फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस को उसके केरवा के जंगलों में छिपे होने की जानकारी मिली। बुधवार दोपहर करीब 12:00 बजे जब पुलिस की संयुक्त टीम घेराबंदी करने पहुंची, तो खुद को घिरा देख आरोपित ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और भागने की कोशिश की।