Hindi Khabar today
नर्मदापुरम – जिले के पीलीखंती क्षेत्र में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद के चलते मां और बेटी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। दोनों महिलाओं के शव खून से लथपथ हालत में मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान पूजा मौर्य और उनकी बेटी पल्लवी मौर्य के रूप में हुई है। पुलिस को जानकारी मिली कि एक महिला का शव घर के आंगन में मिला, जबकि दूसरी महिला का शव घर के पास ही गली में कुछ दूरी पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और सबूतों को इकट्ठा किया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरुकरण सिंह ने बताया, "शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच पीलीखंती क्षेत्र में दो महिलाओं की हत्या की सूचना मिली। जांच में सामने आया कि दोनों मृतक महिलाएं मां-बेटी हैं। मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने हत्या के विरोध में प्रदर्शन भी किया और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।नर्मदापुरम से जितेन्द्र मेहरा की रिपोर्ट |

