नर्मदापुरम, 22 जून। ऑटो यूनियन प्रकोष्ठ, जिला नर्मदापुरम द्वारा ऑटो रिक्शा चालकों की समस्याओं को लेकर कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई है कि ऑटो रिक्शा की फिटनेस जांच की सुविधा पूर्व की भांति नर्मदापुरम में ही उपलब्ध कराई जाए, ताकि चालकों को भोपाल जाने की बाध्यता से राहत मिल सके। ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि पहले नर्मदापुरम में ही वाहनों की फिटनेस जांच की सुविधा उपलब्ध थी, जिससे चालकों का समय और धन दोनों बचता था। वर्तमान व्यवस्था में फिटनेस प्रमाणपत्र के लिए भोपाल जाना पड़ रहा है, जिससे ऑटो चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि नर्मदापुरम से भोपाल की दूरी अधिक होने के कारण ईंधन, यात्रा एवं अन्य खर्च बढ़ जाते हैं। साथ ही फिटनेस प्रक्रिया में पूरा दिन लग जाने से चालकों की दैनिक आय भी प्रभावित होती है। कम क्षमता वाले ऑटो रिक्शा को लंबी दूरी तक चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम भी बढ़ जाता है।ऑटो यूनियन ने कलेक्टर से आग्रह किया कि जनहित एवं ऑटो चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग को निर्देशित कर नर्मदापुरम में ही फिटनेस जांच सुविधा पुनः प्रारंभ कराई जाए।
ज्ञापन पर ऑटो यूनियन प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष बद्री प्रसाद केवट सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर रहे। कलेक्टर कार्यालय द्वारा ज्ञापन प्राप्त कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

