भोपाल। राजधानी भोपाल में एलएनसीटी (LNCT) ग्रुप के शैक्षणिक संस्थानों और उनसे जुड़े विभिन्न ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमार कार्रवाई की है। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) द्वारा दर्ज किए गए 200
करोड़ रुपए से अधिक के कथित वित्तीय घोटाले और अनियमितताओं के मामले में की जा रही है।जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम भोपाल सहित समूह से जुड़े अन्य परिसरों में दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड, अकाउंट स्टेटमेंट, संपत्ति संबंधी कागजात और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विभिन्न खातों, संस्थाओं और कंपनियों के बीच धन का लेनदेन किस प्रकार किया गया।
बताया
जा रहा है कि EOW
की जांच में छात्रों की फीस, छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) और शिक्षा ऋण से जुड़े वित्तीय लेनदेन में गंभीर अनियमितताओं के संकेत मिले थे। आरोप है कि छात्रों से बस शुल्क, हॉस्टल फीस और अन्य मदों में प्राप्त राशि को निजी खातों में ट्रांसफर किया गया। वहीं, छात्रवृत्ति की राशि को निर्धारित खातों में जमा करने के बजाय अन्य कंपनियों के खातों में भेजा गया।जांच के दौरान कुछ कंपनियों और संस्थाओं के नाम भी सामने आए हैं, जिनके माध्यम से धन के प्रवाह और वित्तीय लेनदेन किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा शिक्षा और संस्थागत कार्यों के लिए लिए गए बैंक ऋणों के कथित दुरुपयोग की भी जांच की जा रही है।
ईडी
और EOW दोनों एजेंसियां मामले की विस्तृत पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल किसी भी पक्ष को दोषी घोषित नहीं किया गया है और जांच जारी है। ईडी ने अभी तक इस मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
