इटारसी/तवा नगर। मध्य प्रदेश मुस्लिम विकास परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष हाजी मोहम्मद माहिर खान के इटारसी आगमन पर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में तवा नगर मुस्लिम समाज की वर्षों पुरानी मांग प्रमुखता से उठाई गई। तवा नगर मुस्लिम विकास परिषद के मानसेवी अध्यक्ष बशारत खान ने प्रदेश अध्यक्ष हाजी मोहम्मद माहिर खान एवं जिला अध्यक्ष हाजी अथर खान का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया तथा तवा नगर कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। अंजुमन स्कूल इटारसी के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बशारत खान ने बताया कि तवा नगर कब्रिस्तान की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण लंबे समय से आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में रानीपुर ग्राम पंचायत की ग्रामसभा द्वारा प्रस्ताव भी पारित किया जा चुका है तथा पंचायत सचिव एवं जनपद पंचायत के इंजीनियर द्वारा लगभग 250
मीटर क्षेत्र की नपती भी की जा चुकी है।
जानकारी के अनुसार, सरपंच शिवनारायण धुर्वे ने कई बार वन मंडल अधिकारी नर्मदापुरम को पत्र लिखकर एवं व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर निर्माण की अनुमति का अनुरोध किया, लेकिन अब तक अनुमति नहीं मिल सकी है। सरपंच ने बताया कि तवा नगर में पंचायत द्वारा श्मशान घाट का निर्माण कराया जा चुका है, जबकि मुस्लिम समाज के 40
से 50 परिवार तवा बांध निर्माण के समय से यहां निवासरत हैं और पिछले 60
से 70 वर्षों से इसी कब्रिस्तान का उपयोग कर रहे हैं।बाउंड्री वॉल नहीं होने के कारण कब्रिस्तान की सुरक्षा एवं रखरखाव में लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या के समाधान के लिए मुस्लिम समाज ने प्रदेश अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र अनुमति दिलाने की मांग की। साथ ही पंचायत द्वारा किए गए पत्राचार की प्रतियां भी उन्हें उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष हाजी मोहम्मद माहिर खान एवं जिला अध्यक्ष हाजी अथर खान ने समाज की मांग को उचित बताते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक अनुमति दिलाने का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में परिषद के जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
.jpeg)
