शराब पीने से मना करने पर हुआ विवाद, पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर आरोपी को हिरासत में लिया; दूसरे आरोपी की भूमिका पर भी उठे सवाल
नर्मदापुरम। जिले के रसूलिया क्षेत्र में हरदा बायपास स्थित सियाराम कॉलोनी में मंगलवार रात करीब 10 बजे चाकूबाजी की घटना सामने आई। प्रतिमा विसर्जन का चल समारोह निकलने से पहले हुए विवाद में ऑटो चालक अमित उर्फ बंटी सांवले घायल हो गए। आरोप है कि कॉलोनी निवासी मनीष भदौरिया ने अपने साथी के साथ मिलकर उन पर चाकू से हमला किया।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल ऑटो चालक को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, आरोपी को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। भीड़ ने कथित चाकू हमलावर की पिटाई शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे लोगों से छुड़ाकर हिरासत में लिया।
देहात थाना प्रभारी ऊषा मरावी के मुताबिक, रोहना निवासी ऑटो चालक अमित सांवले दशहरा उत्सव के दौरान सियाराम कॉलोनी पहुंचे थे। इसी दौरान कॉलोनी निवासी मनीष भदौरिया अपने साथी के साथ बैठकर शराब पी रहा था।बताया गया कि कॉलोनी के एक युवक ने चल समारोह निकलने का हवाला देते हुए वहां शराब पीने से मना किया। इसी बात को लेकर मनीष भदौरिया नाराज हो गया और युवक से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर अमित उर्फ बंटी सांवले बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान मनीष भदौरिया ने चाकू निकालकर अमित के पेट पर वार कर दिया। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और तनाव की स्थिति बन गई। थाना प्रभारी ऊषा मरावी ने बताया कि ऑटो चालक को ज्यादा चोट नहीं आई थी। प्रारंभिक उपचार के बाद वह घर चला गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना में दूसरे व्यक्ति की भूमिका और विवाद से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।यह जानकारी नर्मदापुरम से नगर व्यूरो जितेन्द्र मेहरा द्वारा दी गई |
