इंदौर में जल आपूर्ति व्यवस्था की हुई विस्तृत समीक्षा, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

इंदौर। आज इंदौर संभागायुक्त कार्यालय में जल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर माननीय सांसद, विधायकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में पेयजल उपलब्धता, जल संकटग्रस्त क्षेत्रों की स्थिति तथा नागरिकों को सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जल संबंधी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। जल संकट से प्रभावित वार्डों में विशेष जलापूर्ति योजना को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए तथा निजी एवं नगर निगम के टैंकरों की मिनट-टू-मिनट मॉनिटरिंग की जाए।

समीक्षा के दौरान शासकीय महाविद्यालयों, छात्रावासों एवं अन्य आवासीय संस्थानों में पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही पाइपलाइन लीकेज की शिकायतों का तत्काल निराकरण करने एवं नल सप्लाई के समय में होने वाली असमानता और विसंगतियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में जल चोरी एवं मोटरों के माध्यम से अवैध रूप से पानी खींचने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा 24×7 जल नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्रतिदिन सुबह एवं शाम जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा गया।

अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों एवं नागरिक समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने तथा जल आपूर्ति से संबंधित कार्रवाई का पालन प्रतिवेदन मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में कहा गया कि नागरिकों को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 



Previous Post Next Post