मध्यप्रदेश में नौतपा के बीच मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। शुक्रवार को ग्वालियर और मुरैना में बारिश हुई, जबकि श्योपुर जिले के वीरपुर में ओले गिरे। कई जिलों में तेज धूलभरी आंधी चली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई।
ग्वालियर में शुक्रवार सुबह 6 बजे से रुक-रुककर बारिश हुई। शाम को फिर मौसम बदला और बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलीं। यहां अधिकतम तापमान एक दिन में 10.2 डिग्री लुढ़ककर 44.7 डिग्री से 34.5 डिग्री पर पहुंच गया। मुरैना में भी तेज बारिश और आंधी से मौसम सुहाना हो गया।
मौसम विभाग ने रात के लिए श्योपुर, मुरैना और शिवपुरी में 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं भिंड, दतिया, ग्वालियर, छतरपुर, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, सिवनी और बालाघाट समेत कई जिलों में 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
श्योपुर जिले के वीरपुर में शुक्रवार शाम ओले गिरे। जिला मुख्यालय पर तेज धूलभरी आंधी चली, जिससे सड़कों पर लोगों को परेशानी हुई। मुरैना जिले के खड़ियाहार और दिमनी क्षेत्र में भी तेज तूफान आया। ग्रामीण इलाकों में झोपड़ियां और टीनशेड उड़ गए।
ग्वालियर में आंधी-बारिश के चलते कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। पेड़ और बिजली के पोल झुकने से सप्लाई प्रभावित हुई। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने लोगों से असुविधा के लिए क्षमा मांगी और कहा कि विभाग की टीमें लगातार बिजली व्यवस्था बहाल करने में जुटी हैं।
रीवा जिले के यूपी बॉर्डर से सटे चाकघाट नगर परिषद क्षेत्र में गुरुवार रात तेज आंधी-तूफान और बारिश से भारी नुकसान हुआ। कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिर गए। टीनशेड उड़ गए और बाजार क्षेत्र में दुकानों के बोर्ड क्षतिग्रस्त हो गए।
कई शहरों में तापमान में आई गिरावट
प्रदेश में गुरुवार को भीषण गर्मी का असर बना रहा था। खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री दर्ज किया गया। राजगढ़ में 46 डिग्री, दतिया में 45.7 डिग्री, नौगांव, दमोह और मलाजखंड में 45.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था।
हालांकि शुक्रवार को मौसम बदलने से कई शहरों में तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज हुई। दतिया में 10.1 डिग्री, खजुराहो में 7.3 डिग्री, नौगांव में 7.5 डिग्री और रीवा में 5.8 डिग्री तापमान गिरा। भोपाल में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री, इंदौर में 39.4 डिग्री, उज्जैन में 41.6 डिग्री और जबलपुर में 40.1 डिग्री दर्ज किया गया।
