इटारसी। इटारसी रेलवे जंक्शन पर सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही एक महिला अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई।
हादसे में महिला के दोनों पैर कट गए, जबकि बच्चे को मामूली चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, जबलपुर के बिलपुरा मड़ाई निवासी 25
वर्षीय अंजलि कश्यप अपने बेटे के साथ गाड़ी संख्या 22187
रानी कमलापति-अगरतला इंटरसिटी एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं। ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-4
से रवाना हो रही थी, तभी महिला ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे अपने बेटे सहित ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरीं। हादसा इतना गंभीर था कि महिला का एक पैर जांघ के पास से तथा दूसरा पैर पंजे के हिस्से से कट गया। वहीं बच्चे को पीठ पर हल्की चोटें आईं।

