एलपीजी एजेंसियों के बाहर हंगामा, 8 घंटे सर्वर डाउन
शहर में गुरुवार को इंडेन कंपनी का सर्वर करीब 8 घंटे तक डाउन रहने से एलपीजी सप्लाई पूरी तरह प्रभावित रही। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक न गैस बुकिंग हो सकी, न डिलीवरी और न ही बिलिंग। रोजाना 10-12 हजार सिलेंडर की जगह केवल 3-4 हजार ही वितरित हो सके। सर्वर डाउन होने से एजेंसियों पर हंगामे की स्थिति बन गई। रायसेन रोड स्थित चंद्रकांता गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं ने सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया, वहीं जिंसी की प्रदीप गैस एजेंसी पर भी भीड़ के कारण हंगामा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। बताया गया कि 1 अप्रैल से नई बिलिंग व्यवस्था के कारण सॉफ्टवेयर अपडेट हो रहा था। ओटीपी आधारित डिलीवरी सिस्टम होने से सर्वर बंद होते ही पूरी सप्लाई चेन रुक गई।
मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने 10 विधायको को बनाया प्रदेश प्रवक्ता
मंत्री शाह के भाई समेत चिटनीस-उषा ठाकुर भी शामिल; 33 प्रवक्ता, 9 सह-मीडिया प्रभारी,47 पैनलिस्ट घोषित
मध्य प्रदेश भाजपा ने संगठन विस्तार करते हुए 33 प्रदेश प्रवक्ताओं, 9 सह-मीडिया प्रभारियों और 47 मीडिया पैनलिस्टों की घोषणा की है। इनमें 10 विधायकों को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस और उषा ठाकुर भी शामिल हैं, जो शिवराज सरकार में कद्दावर मंत्री रह चुकी हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मंजूरी के बाद प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने इन नियुक्तियों की घोषणा की। इनमें कुल 89 पदाधिकारी शामिल हैं।
विजय शाह के भाई को भी मिली जिम्मेदारी
भाजपा ने 33 प्रदेश प्रवक्ताओं में सेना पर विवादित बयान देने वाले जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह के भाई संजय शाह को भी शामिल किया गया है। संजय शाह हरदा जिले की टिमरनी सीट से विधायक रह चुके हैं।
कई पूर्व विधायक भी बनाए गए प्रवक्ता
बीजेपी ने कई पूर्व विधायकों को भी प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी है। इनमें झाबुआ जिले की थांदला सीट से पूर्व विधायक कल सिंह भाबर, मंदसौर के पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, दतिया जिले की भंडार सीट से पूर्व विधायक घनश्याम पीरोनिया, अनूपपुर के पूर्व विधायक रामलाल रौतेल और उज्जैन के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती शामिल हैं।
राजधानी भोपाल में दो शराब दुकानों की शिफ्टिंग का मामला तूल पकड़ रहा है। ये दुकानें कोलार रोड और विजय नगर में हैं। कोलार रोड स्थित मंदाकिनी चौराहे पर दुकान शिफ्ट होने पर बड़ी संख्या में लोग दुकान के सामने इकट्ठा हुए और नारेबाजी की। वहीं, विजय नगर में दुकान के सामने टेंट लगाकर महिलाओं ने भजन-कीर्तन किया। पुलिस ने महिलाओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुईं। उनकी मांग थी कि जब तक दुकान शिफ्ट नहीं होगी, वे सड़क पर ही डटी रहेंगी।हालांकि, कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने दुकान हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद दुकान नहीं हटाई जा सकी। विजय नगर स्थित सांईंराम कॉलोनी की दुकान को हटाने के लिए लोग पिछले एक साल से जनसुनवाई में आवेदन दे रहे थे, फिर भी कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में युवा भी शामिल रहे।विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी मंदाकिनी चौराहे पर खुली शराब दुकान को लेकर विरोध जताया है। उन्होंने दुकान हटाने के लिए की कलेक्टर से बात की है। रामेश्वर शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि शराब दुकान को लेकर बड़ी संख्या में माताओं-बहनों ने आज विरोध प्रदर्शन किया है। निश्चित रूप से यह स्थान घनी आबादी एवं मंदिर के समीप है। ऐसे में यहां शराब की दुकान का संचालन स्वीकार्य नहीं किया जा सकता है। मैंने कलेक्टर को अवगत कराया है, यह दुकान यहां संचालित नहीं की जाए, ऐसा आग्रह किया है।