मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटा प्याज़ से भरा तेज रफ्तार मिनी ट्रक। हादसे में 3 श्रमिकों की मौत, ड्राइवर और क्लीनर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पीपलरावां थाना इलाके के पास बैराखेड़ी में हुआ हादसा।
मध्य प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ट्रैफिक विभाग की तमाम सख्तियों और चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के बावजूद यहां हर रोज सैकड़ों लोग सड़क हादसों का शिकार हो रहे हैं। इनमें से दर्जनों अपनी जान भी गवा रहे हैं। इसकी ताजा बानगी सूबे के देवास जिले के सोनकच्छ में पीपलरावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बैराखेड़ी गांव के पास देर रात एक प्याज से भरा मिनी ट्रक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में मिनी ट्रक के ऊपर सो रहे 3 श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य लोग घायल हो गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मिनी ट्रक प्याज भरकर गंधर्वपुरी इलाके से चौबारा धीरा की ओर जा रहा था। हादसे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि, ड्राइवर को झपकी लगने के कारण तेज रफ़्तार में चल रहा मिनी ट्रक अनियंत्रित हुआ होगा। हादसे की सूचना मिलने के बाद पीपलरावां पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से हादसे में घायल हुए सभी सवारों को सोनकच्छ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टर ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि 2 घायलों का सोनकच्छ के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे में इन 3 श्रमिकों की मौत, चालक और क्लीनर घायल
सिविल हॉस्पिटल सोनकच्छ के डॉ रामराज परमार ने बताया कि, हादसे में ओमप्रकाश मालवीय, आकाश बगानिया और विजय मालवीय की मौत हो गई है। जबकि इनमें से दो अन्य लोग घायल है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
हादसे में जान गवाने वाले तीनों मृतक ग्राम बालोन के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में घायल होने वाले चालक और क्लीनर हैं। फिलहाल, पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा बनाकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया, साथ ही मामले की जांच शुरु कर दी है।

