आंगन में सो रहे व्यक्ति की हत्या के बाद बवाल, शव रखकर किया प्रदर्शन

24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, पुलिस के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन


नर्मदापुरम। शहर के ग्वालटोली क्षेत्र में घर के आंगन में सो रहे एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या किए जाने के बाद मंगलवार को कुछबंदिया समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। समाज के लोगों ने सतरस्ते चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया और 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

जानकारी के अनुसार ग्वालटोली निवासी राजू कुछबंदिया (55 वर्ष) रविवार रात अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनके पेट में चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल राजू को उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।



मृत्यु की सूचना मिलते ही कुछबंदिया समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। मंगलवार शाम करीब 4 बजे समाज के 40 से अधिक लोग कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

इसके बाद शाम करीब 6 बजे अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाते समय समाज के लोगों ने सतरस्ते चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए मृतक परिवार को न्याय दिलाने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा संदिग्ध युवक



समाज के रोहित कुछबंदिया ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है। फुटेज के अनुसार रविवार रात 11:55 बजे से 12:22 बजे के बीच युवक घर के आसपास घूमता नजर रहा है। प्रारंभिक फुटेज में वह सामान्य रूप से आता-जाता दिखाई देता है, जबकि कुछ देर बाद मुंह ढंककर तेजी से भागते हुए नजर आता है। समाज के लोगों को आशंका है कि इसी युवक ने वारदात को अंजाम दिया है।

पुलिस ने दिया शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन

एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने बताया कि राजू कुछबंदिया की भोपाल में उपचार के दौरान मृत्यु हुई है। मामले में प्री-एमएलसी रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ और प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। नर्मदापुरम से जितेन्द्र मेहरा की रिपोर्ट



Previous Post Next Post