इटारसी में कांग्रेस का संवाद एवं कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न

मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया ने कार्यकर्ताओं में जगाया जोश

इटारसी। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित संवाद एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेसजनों का उत्साह देखते ही बन रहा था। स्थानीय होटल एक्सप्रेस-11 में आयोजित इस सम्मेलन में मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिलेभर से आए कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

अपने संबोधन में अजय सिंह राहुल भैया ने कहा कि कांग्रेस देश की लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों की प्रहरी रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में आमजन महंगाई, बेरोजगारी, कृषि संकट और जनसुविधाओं से जुड़े अनेक मुद्दों से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की जड़ों को और मजबूत करने के लिए बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाएं। जनता से सतत संवाद बनाए रखते हुए कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन का आधार समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता ही होते हैं।

राहुल भैया ने कहा कि राजनीतिक सफलता केवल चुनावी समय की सक्रियता से नहीं, बल्कि जनता के बीच निरंतर उपस्थिति, संघर्ष और विश्वास अर्जित करने से मिलती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दों पर मुखर होकर संघर्ष करने तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संदेश दिया।

जिला कांग्रेस प्रभारी संजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है। गांवों और शहरी क्षेत्रों में संगठनात्मक ढांचे को और सुदृढ़ बनाकर जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना हम सभी की जिम्मेदारी है। 

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता चुनौतियों से घबराने वाला नहीं, बल्कि संघर्ष के माध्यम से परिवर्तन लाने वाला होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिले में कांग्रेस के प्रति जनसमर्थन निरंतर बढ़ रहा है और कार्यकर्ताओं की मेहनत आने वाले समय में सकारात्मक परिणाम लेकर आएगी।


विधानसभा प्रभारी नवनीत मालवीय ने संगठनात्मक एकजुटता को सफलता की आधारशिला बताते हुए कार्यकर्ताओं से क्षेत्रीय समस्याओं को मजबूती से उठाने का आग्रह किया। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता गिरिजा शंकर शर्मा ने कांग्रेस की वैचारिक विरासत, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी एवं अनुराग मलेया ने अतिथियों का स्वागत किया। स्वागत उद्बोधन में कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही संगठन को जन-जन तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन करते हुए कन्हैया गोस्वामी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा कहा कि सम्मेलन से संगठन को नई दिशा और कार्यकर्ताओं को नई प्रेरणा मिली है।

सम्मेलन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडलम अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी, वार्ड अध्यक्ष, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यह जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिला मीडिया प्रभारी एवं समाजसेवी जितेन्द्र मेहरा द्वारा दी गई।


Previous Post Next Post