नर्मदापुरम। जिले में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। शनिवार दोपहर अचानक बदले मौसम ने माखननगर, इटारसी और नर्मदापुरम क्षेत्र में लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन तेज आंधी और बारिश के कारण कई जगह जनजीवन भी प्रभावित हुआ। दोपहर करीब 3 बजे माखननगर और इटारसी क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। करीब आधे घंटे तक चली आंधी और 10 से 15 मिनट की बारिश के दौरान कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
माखननगर के सिरवाड़ रोड पर तेज हवाओं के कारण एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। वहीं एक अन्य पेड़ बालक छात्रावास की छत पर आ गिरा। कई क्षेत्रों में टीन शेड और प्लास्टिक सामग्री उड़ गई। आंधी के कारण बिजली लाइनों को भी नुकसान पहुंचा, जिससे अनेक इलाकों में बिजली गुल हो गई।नर्मदापुरम शहर में दोपहर बाद काले बादल छा गए और करीब पांच मिनट तक हल्की बारिश व बूंदाबांदी हुई। हालांकि यहां आंधी की रफ्तार कम रही, जिससे किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नमी के प्रभाव के चलते जिले में अगले दो से तीन दिनों तक तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।लगातार बदल रहे मौसम और खेतों में बढ़ती नमी के कारण कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसानों का कहना है कि कई स्थानों पर फसलों की कटाई का कार्य बाधित हुआ है, जिससे नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
मौसम में बदलाव के चलते नर्मदापुरम में शनिवार को अधिकतम तापमान 38.6
डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9
डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पचमढ़ी में अधिकतम तापमान 34.8
डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.6
डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।आंधी के दौरान कई स्थानों पर बिजली के पोल और तार प्रभावित हुए। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को गर्मी और उमस के बीच परेशानी का सामना करना पड़ा। पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद होने से बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। बिजली विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं।
(रिपोर्ट: जितेन्द्र मेहरा हिन्दी खबर टुडे, नर्मदापुरम)

