नर्मदापुरम में लूट के लिए बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

खेत में अकेली सो रही थी 85 वर्षीय महिला, सिर पर ईंट मारकर चांदी के कड़े और जेवर लूट ले गए बदमाश

नर्मदापुरम। जिले के तालनगरी गांव में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली लूट की वारदात सामने आई है। खेत में बनी टपरिया में अकेली सो रही 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने महिला के सिर पर ईंट से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसके हाथों में पहने चांदी के कड़े समेत अन्य जेवर लूटकर फरार हो गए। घायल महिला को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे महिला के बेटे छोटेलाल खेत पहुंचे तो उनकी मां खटिया से करीब 10 फीट दूर बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ी मिलीं। उनके सिर से अत्यधिक रक्तस्राव हो चुका था और कपड़े खून से सने हुए थे। जांच करने पर पता चला कि उनके हाथों में पहने चांदी के कड़े और अन्य जेवर गायब थे। घटनास्थल पर खटिया और आसपास खून के निशान मिले हैं। वहीं एक ईंट भी बरामद हुई है। पुलिस का अनुमान है कि बदमाशों ने सोते समय महिला के सिर पर ईंट से हमला किया। गंभीर चोट लगने के बाद महिला जान बचाने के लिए उठी होंगी, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर गिर गईं। इसके बाद बदमाश उनके जेवर लूटकर भाग निकले।

परिवार का मुख्य मकान गांव में है जबकि खेत पर नया मकान बन रहा है। निर्माण कार्य की निगरानी के लिए बुजुर्ग महिला और उनका बेटा खेत पर बनी अस्थायी टपरिया में रहते थे। रविवार रात बेटा किसी काम से गांव वाले घर पर रुक गया था, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट और जेवर चोरी की शिकायत दर्ज की गई है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह जानकारी नर्मदापुरम से जितेन्द्र मेहरा द्वारा दी गई 



Previous Post Next Post