पर्यटन घाट पर खड़े ऑटो से मिला युवक का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

नर्मदापुरम। शहर के पर्यटन घाट क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब सुलभ शौचालय के सामने लंबे समय से खड़े एक लोडिंग ऑटो से तेज दुर्गंध आने पर उसमें एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11 बजे स्थानीय लोगों को पर्यटन घाट स्थित सुलभ शौचालय के सामने खड़े ऑटो से तेज बदबू महसूस हुई। संदेह होने पर लोगों ने वाहन के अंदर झांककर देखा तो ड्राइवर और हेल्पर सीट के बीच एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। इसके बाद तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में पाया कि व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी है। प्रारंभिक जांच में शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मृतक की पहचान देवकी नंदन कहार (40 वर्ष) निवासी पर्यटन घाट, नर्मदापुरम के रूप में की है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस लोडिंग ऑटो में शव मिला, उसका उपयोग पहले एलपीजी गैस सिलेंडरों की सप्लाई के लिए किया जाता था, लेकिन पिछले लगभग दो वर्षों से वह खराब हालत में वहीं खड़ा था। आसपास के लोगों ने बताया कि मृतक को कई बार उसी ऑटो में सोते हुए देखा गया था।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार देवकी नंदन कहार नर्मदा नदी में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए नारियल निकालने और पकड़ने का कार्य करता था। बताया जाता है कि उसे शराब पीने की भी आदत थी। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रधान आरक्षक कमलेश शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। 



 


Previous Post Next Post