सवारी बैठाने को लेकर बस कर्मचारियों में मारपीट, नर्मदा ब्रिज पर लगा लंबा जाम


नर्मदापुरम। सोमवती अमावस्या के अवसर पर मां नर्मदा में स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के नर्मदापुरम पहुंचने के बीच सोमवार को बुधनी रोड स्थित नर्मदा ब्रिज पर दो निजी बसों के कर्मचारियों के बीच सवारी बैठाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई, जिससे ब्रिज पर यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नर्मदापुरम से भैरूदा जाने वाली दो निजी बसों के ड्राइवर और कंडक्टर सवारी बैठाने को लेकर पहले आपस में बहस करने लगे। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। विवाद सड़क के बीचों-बीच होने से यातायात बाधित हो गया।



घटना के दौरान ब्रिज पर बसें खड़ी होने के कारण करीब आधा किलोमीटर लंबा जाम लग गया। तेज धूप और गर्मी में फंसे यात्रियों, श्रद्धालुओं और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद तत्काल शांत नहीं हुआ। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया तथा यातायात को सुचारू कराया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बस कर्मचारियों के बीच सड़क पर विवाद और धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा विवाद में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


Previous Post Next Post