तवा नगर। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के तवा बांध स्थित तवा नगर - बागड़ा मार्ग पर , तवा नगर से लगभग 5
किलोमीटर दूर वन विभाग के नाके पर तैनात एक नाकेदार पर शराब के नशे में अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। इस संबंध में तवा नगर निवासी बसारत खान ने क्षेत्र संचालक , सतपुड़ा टाइगर रिजर्व को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार बसारत खान 3
जून को अपने परिवार के साथ एक विवाह समारोह में शामिल होने पचमढ़ी गए थे। उन्होंने बताया कि 6
जून की रात करीब 10
बजे परिवार सहित लौटते समय तवा बांध रोड स्थित नाके तवा नगर - बागड़ा मार्ग पर तैनात रूपेश कुमार त्रिवेदी ने उनके वाहन चालक गेंदा लाल प्रजापति को रोककर विवाद करना शुरू कर दिया। बसारत खान का आरोप है कि संबंधित कर्मचारी शराब के नशे में था और नियमों को लेकर बहस कर रहा था। जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो कर्मचारी ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
वहीं नाकेदार रूपेश कुमार त्रिवेदी का कहना है कि संबंधित वाहन सरकारी नहीं बल्कि निजी वाहन था और बिना पहचान संबंधी दस्तावेजों की पुष्टि के उसे आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती थी। उनका यह भी कहना है कि मौके पर एक व्यक्ति वीडियो बना रहा था , जिसे उन्होंने रोकते हुए कहा कि रिजर्व क्षेत्र में बिना अनुमति वीडियो बनाना उचित नहीं है तथा वहां पहले से सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि नाकेदार ने अपनी मोबाइल फोन और वाहन की चाबी बसारत खान की गाड़ी के बोनट पर रख दी तथा वाहन के सामने खड़े होकर उन्हें आगे नहीं जाने देने की बात कही। शिकायतकर्ता के अनुसार मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया , जिसके बाद उनका परिवार वहां से निकल सका। बसारत खान ने कहा कि इस घटना से उन्हें और उनके परिवार को मानसिक परेशानी तथा भय का सामना करना पड़ा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र संचालक कार्यालय को शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल प्रकरण में जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यह जानकारी नर्मदापुरम से नावेद खान द्वारा दी गई
VIDEO