नर्मदापुरम में बड़ा हादसा टला: न्यू जयस्तंभ चौराहे के पास कॉम्प्लेक्स का छज्जा गिरा, जनहानि नहीं

नर्मदापुरम। शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शामिल न्यू जयस्तंभ चौराहे के पास स्थित महेश स्वीट्स के ऊपर बने एक कॉम्प्लेक्स की दुकान का छज्जा (छत का बाहरी हिस्सा) मंगलवार देर रात अचानक भरभराकर गिर गया। यह घटना 9 जून 2026 की रात को हुई, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छज्जा गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। राहत की बात यह रही कि हादसा रात के समय हुआ, जब अधिकांश दुकानें बंद थीं और क्षेत्र में लोगों की आवाजाही भी कम थी। इसी कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और न ही कोई व्यक्ति घायल हुआ।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भवन की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। नागरिकों का कहना है कि पुराने और जर्जर भवनों की समय-समय पर जांच कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय व्यापारियों ने भी प्रशासन से भवन की संरचनात्मक स्थिति की जांच कराने और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है। यह जानकारी नर्मदापुरम से संवाददाता नावेद खान द्वारा दी गई 

Previous Post Next Post